रविवार, 26 जुलाई 2020

सेवानिवृत्ति का एक साल पूर्ण 


मुझे राजकीय सेवा से सेवानिवृत्त हुए 1 साल पूरा हो चुका है। सेवानिवृत्ति से पूर्व सेवानिवृत्त होने का अनुभव करने की इच्छा बहुत होती थी। ऐसा लगता था कि सेवानिवृत्त व्यक्ति का जीवन एक अलग ही किस्म का बहुत आनंददायक होता है जिसमें बेफिक्री और आनंद की बहुतायत होती है। किसी किस्म का कोई दबाव नहीं होता है। क्योंकि राजकीय सेवा में रहते हुए हर समय बैठक, लक्ष्य की पूर्ति, उच्चाधिकारियों के समय-समय पर निर्देश, सूचनाएं, जनता से जुड़े हुए विभिन्न संवेदनशील मुद्दे कभी-कभी नियमों के अनुकूल तथा कभी-कभी नियमों के प्रतिकूल परंतु किसी भी तरीके से उसको पूर्ण करने का दबाव। इन सब दबावों से मुक्ति का एक ही इलाज सेवानिवृत्ति ही प्रतीत हो रही थी जिसको प्राप्त करना बहुत ज्यादा समय लगने वाला लगता था। आज इसको प्राप्त हुए 1 वर्ष हो चुका है। 
अब इस पर मंथन करने पर इस तरीके की किसी उत्तेजना या विशेष आनंद की अनुभूति शेष नहीं रह गई है। ऐसा लगता है कि यह जीवन का सामान्य क्रम है। जैसे शिक्षा के बाद नौकरी में आने की प्रति जो उत्कंठा हुआ करती थी वह नौकरी प्राप्त करते ही पूर्ण हो गई। इसी प्रकार नौकरी से सेवानिवृत्त होने की सेवानिवृत्त होने के बाद पूर्ण हो गई।
राजकीय सेवा में रहते हुए बहुत सारी योजनाएं बनाई थी कि रिटायरमेंट के बाद क्या-क्या करेंगे। कहां-कहां जाएंगे। रिटायरमेंट का पूरा एक साल बीतने में ऐसा लगता है कुछ समय ही नहीं लगा बहुत जल्दी 1 साल पूरा हो गया। वैसे इसमें कोविड-19 का भी बहुत योगदान है। इसने सभी को घरों में कैद करके एक विशेष रूटीन में बांध दिया और उसी में सभी को जीने के लिए मजबूर  कर दिया। 
पूरे साल के लिए बनाई गई अनेकों पूर्व नियोजित यात्राओं को स्थगित करना पड़ा तथा उनके टिकट कैंसिल कराने पड़े एवं अनेक सारी योजनाओं से जुड़ी इच्छाओं की पूर्ति अधूरी ही रह गई। मुंबई दर्शन तथा उत्तराखंड के चारों धाम की यात्रा इसमें विशेष रूप से नहीं कर पाने का मलाल रह गया है देखें भगवान कब  इसे पूरा कराते हैं।

रविवार, 26 अप्रैल 2020

कोविड-19

कोविड-19 के कारण उत्पन्न महामारी से जारी की गई लॉक डाउन की स्थिति से सभी लोग अपने अपने घरों में कैद की स्थिति महसूस कर रहे हैं। बहुत दिनों से मैं इस विषय पर लिखने की सोच रहा था। साथ ही साथ अपने ब्लॉग पर बहुत दिनों से नहीं आने के कारण इस पर लिखने की इच्छा हुई।
पहले ऐसा लगता था की हम सब बहुत व्यस्त हैं। हमारे पास समय का बहुत अभाव है। लेकिन लाक डाउन के दौरान जब घर से बाहर नहीं निकलना है ऐसी स्थिति में कोई दिनचर्या नियत नहीं है। दिन और रात, सुबह और शाम में कोई अंतर ही नहीं महसूस हो रहा है। समय की प्रचुरता के कारण उन सभी लोगों से संपर्क करने की इच्छा हो रही है जिनसे बहुत लंबे समय से भी बात या संपर्क नहीं हुआ है। यह जानने की इच्छा भी बहुत प्रबल हो रही है कि इन्हीं परिस्थितियों में स्वजन और आत्मीय जो अलग-अलग स्थानों पर निवास कर रहे हैं उनकी दिनचर्या और उनकी मन:स्थिति कैसी है ?
अभी तो ऐसा लगता है कि लाक डाउन या घर में सीमित रहने की स्थिति बहुत जल्दी समाप्त नहीं होने वाली है। जब तक कोविड-19 के इलाज का स्थाई समाधान या दवा विकसित नहीं हो जाती है तब तक अलग-अलग रूपों में आंशिक या पूर्ण लाक डाउन की स्थिति बनी रहेगी।
ऐसा बताया जाता है कि स्पेनिश फ्लू के दौरान भी पूरी दुनिया में बहुत व्यापक स्तर पर महामारी हुई थी जिसमें बहुत सारे लोग मरे थे। उस समय हम लोग पैदा नहीं हुए थे इसलिए उसका अनुभव हमारे जीवन में नहीं है। परंतु आज के युग में कोविड-19 से उत्पन्न जीवन एवं इसकी दिनचर्या से आमना-सामना होने पर ऐसा लग रहा है कि उस समय भी लोग इसी तरह से त्रस्त हुए होंगे। आज भी जीवन रक्षक दवा उपलब्ध नहीं होने से उस समय से समानता की जा सकती है। यद्यपि आज का युग बहुत विकसित युग माना जाता है परंतु कोविड-19 के संदर्भ में जीवन रक्षक दवा उपलब्ध नहीं होने के कारण मानव के असहाय हो जाने से आज भी हम अपने को उसी स्थिति में पा रहे हैं। 

शनिवार, 27 अक्टूबर 2018

बहुत समय के बाद आज मैं अपने ब्लॉग पर आया हूँ | समयाभाव के  कारण लिखने के लिए मन में बहुत कुछ संजोये होने के बावजूद उदगार शब्दों का रूप नहीं ले पाते है | इसकी मन में कसक रहती है | यह भी ईच्छा होती है की देश के सुदूर अंचलों का भ्रमण किया जाय तथा वहां की जीवन पद्धति से रूबरू होकर अपने को विस्तारित किया जाय | देखे भगवान कब तक इसे सार्थक बनाते हैं |
इस क्रम में मैंने यात्रा सम्बन्धी अनेकों ब्लॉग भी पढ़े | जानकारी भी जुटाई | इसी दिशा में अनुभव बढ़ाने की इच्छा भी जाग्रत हुई है | इसके फलित होने की उत्कंठा पाले हुए हूँ | 

शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2018

सेवा काल का उत्तरार्द्ध


राज्य सेवा में रहते हुए रिटायरमेंट सन्निकट होने पर मानसिक स्थिति में परिवर्तन महसूस होने लगा है | हालांकि वित्तीय दायित्त्व का दबाव नहीं है | परन्तु अन्य शर्तों का दबाव तो है ही | रिटायरमेंट के बाद का जीवन बच्चों के सहयोग पर बहुत कुछ निर्भर करता है | बुढ़ापे में अनिश्चय और लाचारी की आशंका से सामान्यतया हर व्यक्ति सशंकित रहता है | इसीलिए भगवान् भी  बहुत याद आते है |  कभी कभी लगता  है कि बुढ़ापे में इंसान आस्तिक ज्यादा  हो जाता है | यह नजदीक से चरितार्थ होते महसूस हो रहा है |           इसी क्रम में मन में यह बात अनेकों बार आई कि हम लोग तो भगवान् की पूजा में समाधान ढूढ़ लेते है लेकिन अन्य धर्मावलम्बी किस तरह से इन्ही प्रक्रियाओं से गुजरते हैं | यहाँ मुझे यह लिखते हुए झिझक नहीं हो रही है कि अन्य धर्मों की बारीकी से हम बहुत काम वाकिफ है | अन्य लोग बुढ़ापा कैसे गुजारते है | उनके  धार्मिक जीवन का दैनिक आचार व्यवहार कैसा होता है | 




शुक्रवार, 30 दिसंबर 2016

गया में पिंडदान

                              माता - पिता के स्वर्गवास के बाद से ही मन में बहुत इच्छा थी कि गया जाकर पिंडदान कर आया जाय जिससे जीवन का महत्त्वपूर्ण दायित्त्व पूर्ण हो जाय । भगवत कृपा से यह कार्य इस वर्ष पूर्ण हुआ । यहां  कुछ  संस्मरण आप सबसे बाँट रहा हूँ । 
                              सर्वप्रथम गांव में अपने पितरों का आह्वान किया ।  गांव के समस्त घरों पर जाकर पूर्वजों को गया पधारने के लिए अक्षत छिड़क कर  निमंत्रण दिया । सभी गांववासियों ने अपना आशीर्वाद एवं सहयोग  प्रदान किया । अंत में हमारे कुलदेवता बाबा रैनाथ ब्रह्म को शीश नवा कर उनका आशीर्वाद लिया । 




फल्गु नदी में श्राद्ध करते हुए 



फल्गु नदी किनारे श्राद्ध करते हुए 


वैतरणी के तट पर सामूहिक पिंडदान करते हुए लोग


वैतरणी के तट पर गोदान करते हुए



अक्षयवट के परिसर में पिंडदान करते हुए 




अक्षयवट के नीचे 


बोध गया मंदिर परिसर में 
पूरा परिवार 



सीताकुंड में पिंडदान हेतु रेत निकालते हुए 




सीताकुंड तट पर पिंडदान करते हुए 



प्रेतशिला पर पिंडदान करते हुए लोग 




बुधवार, 24 अगस्त 2016

अभी हाल में मुझे अपने गांव जाने का अवसर प्राप्त हुआ । वहां संयोग से 15 अगस्त को बाबा रैनाथ ब्रह्म का वार्षिक पूजन समारोह था । बहुत लम्बे अन्तराल के बाद मुझे इस अवसर पर गांव में रुकने का अवसर मिला । अनेक लोगों से मिलने का दुर्लभ अवसर मिला । कुछ पारिवारिक जरुरतों के कारण मैं पर्याप्त समय नहीं दे पाया । ऐसे समय में इस बात का अहसास हो ही जाता है कि जीविका के लिये गांव से दूर जाना क्या होता है । लम्बे समय तक जीविका के लिये दूर रहने पर वहां की स्थानीय परिस्थितियों के नजदीक होने से अपनी पत्नी, बच्चे तक गांव के इस लगाव से दूर हो जाते हैं । अनेक अवसरों पर अपने बीबी-बच्चे तक हमारी भावनात्मक लगावों को समझ नहीं पाते जिससे असन्तोष होता है । हालांकि गांव से बाहर जाने और जीविकोपार्जन करने से ही जीवन की भौतिक जरुरतें पूरी होती हैं ।
आज मैं अपने गांव के युवा साथियों द्वारा फ़ेसबुक पर बनायी गई बनकटा मिश्र नाम के ग्रुप की चर्चा भी करुंगा । ग्रुप के कारण गांव में तथा गांव से दूर रहने वाले लोगों के लिये यह ग्रुप एक अच्छे मंच की भूमिका अदा कर रहा है जिससे जुड़कर लोग अपने को गांव की वर्तमान गतिविधियों से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं तथा अपडेट हो जाते हैं ।
यहां मैं यह भी उल्लेख करना चाहूंगा कि इस मंच को और अधिक उपयोगी बनाया जा सकता है । इस मंच पर अधिकाधिक बातें धार्मिक ही होती हैं । बाबा रैनाथ ब्रह्म की पूजा-अराधना, साईं बाबा, शिव मन्दिर, महावीर मन्दिर आदि में पूजा अर्चना आदि । वैसे तो यह भी सच है कि गांव के ज्यादा लोगों को इससे ही मतलब होता है । इन्हीं बातों से मनोरंजन होता है । परन्तु आज के युग को देखें तो इसके साथ अन्य पक्षों का इसमें शामिल होना भी आज की महती आवश्यकता है ।
आज के समय में इस मंच को शिक्षा एवम कौशल से जोड़ने पर गांव के युवाओं को एक अच्छी दिशा मिल सकती है । सभी युवाओं का अपना डिजिटल पता जैसे इमेल होना अति आवश्यक है । टाइप करना अक्षर ज्ञान होने के समान है । वर्ड और एक्सेल का ज्ञान भी इसी श्रेणी में वर्गीकृत किये जाने योग्य है । कम्प्यूटर में कोडिंग की शुरुआत योग्य एवम वरिष्ठ बच्चों के सहयोग से किया जा सकता है । बच्चों में न्यूनतम योग्यता अर्जित करने का यह एक अच्छा मंच भी हो सकता है ।

इसमें कोई दो राय नहीं है कि पूर्वांचल के माता-पिता अपने बच्चों के शिक्षा पर अपनी क्षमता से बहुत अधिक खर्च करने को तत्पर रहते हैं । इस कार्य में अपना गांव वैसे भी अग्रणी है । भले ही माता-पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं हो परन्तु वह अपने बच्चे की शिक्षा पर व्यय करने में कोताही नहीं बरतता है । जरुरत है इस तरह के संस्कृति के विकसित करने की । आज के नौनिहाल इन्टरनेट पर उपलब्ध दूषित, घटिया जैसे पोर्न, हैकिंग आदि की तरफ़ जल्दी और ज्यादा आकर्षित हो जाते हैं । अगर इन्टरनेट और योथ बनकटा मिश्र ग्रुप जैसे ताकतवर मंच का उपयोग नौनिहालों को सशक्त बनाने में उपयोग हो सके तो कितना अच्छा होगा । बच्चों को अपने शिक्षा के प्रारम्भिक सोपान पर ही ऐसा अवसर मिले तो उनमें आत्म विश्वास बढ़ेगा । इस दिशा में हमारे गुरुजन, उच्च शिक्षित बच्चे शुरुआती पहल कर सकते हैं । गांव से बाहर निकल कर शिक्षा प्राप्त कर रहे अथवा जीविकोपार्जन कर रहे युवा अपने अनुभवों को अपने कनिष्ठ साथियों के साथ शेयर करें तो उनका अच्छा मार्गदर्शन होगा । बहुत अच्छा होने पर यह एक मिसाल भी बन सकता है |

मंगलवार, 9 अगस्त 2016

बहुत दिनों बाद आज फिर से इस ब्लोग्ग पर आया हूं । पिछले काफ़ी समय से कुछ लिखने की ईच्छा होती है । परन्तु अन्य सामयिक विषय के कारण लिखना स्थगित हो जाता है ।
यहां मैं यह भी उल्लेख करना उचित समझता हूं कि गत सर्दियों में मैंने सपरिवार दक्षिण भारत की यात्रा की थी जो अनुभव बढ़ाने के लिये तो पर्याप्त थी परन्तु मन भर नहीं पाया । तिरुपति, चेन्नै, महाबलीपुरम, कोयम्बटूर, उटकमन्ड, मदुरै, रामेश्वरम, कन्याकुमारी, कोवालम बीच, एलेप्पी आदि स्थानों की सरसरी तौर पर यात्रा की गई । बेटी की पढ़ाई अगर बाधक नहीं होती तो सर्दियों में और अधिक समय तक दक्षिण के सुखद गुनगुने तापमान का आनन्द लिया जाता ।

खैर यह रही पिछले दिनों की बात । वर्तमान में मुझे अपने माता-पिता के पिन्डदान करने की चिर प्रतीक्षित अभिलाषा पूरी करने की तीव्र उत्सुकता है । मैं जितनी भी जानकारी जुटाने की कोषिश कर सकता हूं कर रहा हूं । परन्तु अनेक बातें हैं जो मन को तसल्ली नहीं दिला पा रही हैं । पिन्डदान का कर्मकान्डी पक्ष, आध्यात्मिक पक्ष के साथ-साथ पारिवारिक और वैचारिक स्तर पर भी चुनौतियों का सामना करना पर रहा है । क्या तरीका रहे जिससे सभी सन्तुष्ट रहें । पिन्डदान केवल पुत्र के करने से नहीं हो सकता है जबतक कि सभी लोगों का समवेत स्वर अनुकूल नहीं हो । पारिवारिक स्तर पर चल रही व्यवस्था भी बाधित नहीं होनी चाहिये यथा बच्चों की शिक्षा ।  गया से जुड़ी जानकारियां भी जुटानी पड़ रही है ।  इसी उहापोह में समय व्यतीत हो रहा है ।